अंबिकापुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ महीनों के भीतर दूसरी बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचीं। एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर पहुंचने के बाद वे सीधे पीजी कॉलेज मैदान पहुंचीं, जहां बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
राष्ट्रपति मुर्मू इस दौरान राज्य के आदिवासी समाज से जुड़े दो महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन करेंगी। इनमें एक योजना परंपरागत उपचार पद्धति अपनाने वाले वैद्यों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है, जिसके तहत उन्हें औपचारिक पहचान, प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी योजना प्रदेश के प्रमुख देवस्थलों और पारंपरिक स्थलों से जुड़ी सुविधाओं के विकास पर केंद्रित है।
दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू 70 साल पहले देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा गोद लिए गए बच्चे से भी मुलाकात करेंगी, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिल रहा है।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके और राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू रायपुर में आयोजित विधानसभा के रजत जयंती कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।
राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल जनजातीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि राज्य में आदिवासी समुदाय की परंपराओं, संस्कृति और योगदान को राष्ट्रीय पटल पर और अधिक मजबूती से चिन्हित करता है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
