जशपुर, पत्थलगांव/जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाम जूनवानी में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक का सिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, उसके भाई और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 27 मई की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। गांव की सरपंच पत्नी जानकी लकड़ा ने घर के बाहर शोर सुनकर बाहर निकलकर देखा तो गांव के जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक 17 वर्षीय नाबालिग युवक, सुशील खलखो की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे। आरोपियों ने पहले सुशील का सिर जमीन पर पटका, फिर पास पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर लगातार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और मुख्य आरोपी जयलाल की पत्नी के बीच पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम संबंध थे। महिला की शिकायत पर पहले सुशील जेल भी जा चुका था। करीब डेढ़ महीने पहले जमानत पर रिहा होने के बाद दोनों फिर संपर्क में आ गए थे।
बताया जा रहा है कि इस विवाद को लेकर गांव में सामाजिक बैठक भी हुई थी, जिसमें महिला की इच्छा के अनुसार उसे सुशील के साथ रहने की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी जयलाल और उसके परिजन इस फैसले से नाराज थे और बदले की भावना रखे हुए थे। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पत्थलगांव पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

