छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज रहेंगे बंद, मुख्यमंत्री साय ने दिए अवकाश के निर्देश
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता | जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए फैसला
रायपुर, 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और बिगड़ते मौसम के बीच राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार 26 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के चलते जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और आवागमन में परेशानी की स्थिति बन सकती है। ऐसी परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 26 सितंबर को बच्चों को घर पर ही रखें और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पूरी सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।
कलेक्टरों को आदेश के पालन के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने संबंधित विभागों और प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश के आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए।
लगातार बारिश के बीच सरकार के इस फैसले से स्कूली बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन से भी अपेक्षा की गई है कि बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
