लैलूंगा (रेगड़ी), 4 जून। मंगलवार रात्रि ग्राम पंचायत रेगड़ी में एक गंभीर हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार की टक्कर से चलते हुए लिक्विड गैस टैंकर से हाइड्रोक्लोरिक एसिड का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में जहरीली गैस फैल गई। इससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया और मानव, पशु-पक्षी, पर्यावरण सभी पर संकट मंडराने लगा।
बुधवार सुबह 6 बजे जनपद उपाध्यक्ष मनोज सुखन के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन शुरू किया। नूतन प्रधान, जनपद सदस्य प्रतिनिधि प्रेम चौहान, सरपंच पति हेम सिंग राठिया, ग्राम पटेल राम सिंग सिदार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया। सभी की मांग थी कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को राहत दी जाए।
मनोज सुखन ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, “यह सिर्फ दुर्घटना नहीं, हमारी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल है। सूचना देने के बावजूद समय पर प्रशासन नहीं पहुंचा। अगर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जिला मुख्यालय तक ले जाया जाएगा।
गैस रिसाव से गांव का जल जीवन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, पानी से तेज बदबू आने लगी और कई जगहों पर उसका रंग भी बदल गया। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन व त्वचा पर चकत्ते जैसी समस्याएं हो रही हैं। मवेशियों की तबीयत बिगड़ने की भी खबरें हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखीं—दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, रसायन परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन, मेडिकल जांच शिविर, जल स्रोतों की सफाई, प्रभावित क्षेत्र को ‘खतरे का क्षेत्र’ घोषित करना और मुआवजे की व्यवस्था।
काफी देर तक चले चक्काजाम और विरोध के बाद तहसीलदार लैलूंगा शिवम पांडे ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि सभी घरों की स्वास्थ्य जांच करवाई जाएगी और डॉक्टरों की टीम तैनात की जाएगी। उनके आश्वासन के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
यह हादसा एक चेतावनी है कि खतरनाक रसायनों के परिवहन में अब और लापरवाही नहीं झेली जा सकती। यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो भविष्य में इससे भी भयावह स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
