चक्रधर समारोह में लैलूंगा की बेटियों ने दिखाया कबड्डी का दम
शानदार प्रदर्शन के साथ महिला वर्ग में लैलूंगा जनपद ने हासिल किया तृतीय स्थान
रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में लैलूंगा जनपद की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया। 19 से 21 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न महिला एवं पुरुष टीमों ने हिस्सा लिया।
लैलूंगा की बालिका खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान जोश, अनुशासन, फुर्ती और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार रेड, मजबूत डिफेंस और आपसी तालमेल ने मुकाबलों को रोमांचक बनाया। टीम के प्रदर्शन ने लैलूंगा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को एक बार फिर बड़े मंच पर पहचान दिलाई।

टीम की सफलता में कोचिंग स्टाफ की अहम भूमिका
लैलूंगा बालिका कबड्डी टीम की तैयारी और मार्गदर्शन में उपेन्द्र नाथ सिदार, पिताम्बर भगत, किशोर भोय एवं कनकसाय यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कोचिंग स्टाफ के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, खेल अनुशासन और रणनीति पर मेहनत करते हुए प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
बालिका टीम के तृतीय स्थान प्राप्त करने पर खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ की भी सराहना की गई। यह उपलब्धि लैलूंगा क्षेत्र की उभरती महिला कबड्डी प्रतिभाओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय बनी है।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में अदानी फाउंडेशन प्रथम, जिंदल फाउंडेशन द्वितीय, लैलूंगा जनपद तृतीय तथा धरमजयगढ़ जनपद चतुर्थ स्थान पर रहा।
लैलूंगा की बालिका टीम की इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने साबित किया कि उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण अंचल की बेटियां भी जिला स्तर के बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
