विशेष संवाददाता – योगेश कुमार चौहान की रिपोर्ट

लैलूंगा/कार्यक्रम में भारतीय संविधान प्रचारिणी सभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह मरकाम ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय संविधान में आदिवासियों को दिए गए अधिकारों और संरक्षण के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। मरकाम ने समाज के लोगों से शिक्षित और एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “संविधान हमें हमारी पहचान और अधिकारों की रक्षा करने की ताकत देता है। हमें इसका लाभ उठाना चाहिए और अपने हकों के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।”
मरकाम ने बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ तक लगातार हो रहे औद्योगीकरण के प्रभावों पर भी चिंता जताई। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि औद्योगीकरण के नाम पर आदिवासियों की जमीन, जल, और जंगल छीने जा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर इन अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
आदिवासी समाज के प्रखर प्रवक्ता और पूर्व विधायक हृदयराम राठिया ने भी मंच से अपनी बात रखी। उन्होंने वर्तमान विधायक विद्यावती सिदार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “हमने आपको चटनी-भजिया खाने के लिए विधानसभा नहीं भेजा है। आदिवासी समाज ने आपको चुनकर अपनी आवाज विधानसभा तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है। आपका कर्तव्य है कि हमारी समस्याओं और मांगों को विधानसभा में मजबूती से उठाएं।” राठिया ने आदिवासी समाज की एकता और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। उनके जोशपूर्ण भाषण ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रंगारंग सांस्कृतिक रैली थी, जिसमें आदिवासी समुदाय के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते हुए शामिल हुए। रैली में 42 जनजातियों के प्रतिनिधियों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया। पारंपरिक नृत्य, गीत, और वाद्य यंत्रों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। रैली के माध्यम से आदिवासियों ने अपनी एकता और गौरवशाली विरासत का प्रदर्शन किया।
- मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: शिरडी, शनि सिंघनापुर व त्रयंबकेश्वर की यात्रा के लिए आवेदन 8 दिसम्बर तक - December 5, 2025
- सरसों तेल के क्या क्या लाभ एवं फायदे हैं? आइए जानते हैं। - December 5, 2025
- अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने दिखाई अपनी प्रतिभा - December 5, 2025

