लैलूंगा। गोंड समाज द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव एवं युवा-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य समापन 18 जनवरी 2026 को हुआ। दो दिवसीय इस ऐतिहासिक आयोजन ने सामाजिक एकजुटता, परंपरा और भविष्य निर्माण का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में विधायक विद्यावती सिदार, एवं पूर्व विधायक चक्रधर सिदार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके कर कमलों से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र भर से समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत 17 जनवरी को परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ हुई। गोंड समाज के छह कुलों की बहन-बेटियों ने उपवास रखकर समाज की परंपरा के अनुसार कलश यात्रा निकाली। यह यात्रा पाकरगांव के बूढ़ी मां मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बस्ती होते हुए गोंड समाज भवन पहुंची, जहां विधिवत स्थापना की गई। आयोजन स्थल पर पहुंचे सभी अतिथियों और समाजजनों का पीला चावल से तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
इसके पश्चात आयोजित युवा-युवती परिचय सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने पंजीयन कर मंच से अपना परिचय दिया। खास बात यह रही कि रायगढ़ जिले सहित अन्य जिलों से भी युवक-युवतियों ने भाग लेकर सम्मेलन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। इस मंच ने वैवाहिक संवाद के साथ-साथ सामाजिक संपर्क और विश्वास को भी मजबूत किया।
18 जनवरी को समाज के लोग पूरे क्षेत्र से गोंड समाज भवन पहुंचे। कार्यक्रम को गति देते हुए समाज के अधिकार, संगठन और भविष्य की दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई। मंच से वक्ताओं ने सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, रोजगार और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज संगठित होता है, युवाओं को दिशा मिलती है और परंपराएं सुदृढ़ होती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
समापन अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आयोजन समिति की भूमिका की सराहना की गई। कुल मिलाकर, लैलूंगा में आयोजित यह वार्षिकोत्सव एवं परिचय सम्मेलन गोंड समाज की एकता, संस्कृति और संगठन शक्ति का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


