लैलूंगा। आदिमजाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित लिबरा में धान खरीदी के लिए टोकन नहीं कटने की समस्या से परेशान किसानों ने शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि कई किसानों का अब तक एक बार भी धान मंडी में नहीं खरीदा गया है, जबकि कुछ किसानों के नाम पर दो-दो बार टोकन काटे गए हैं।
किसानों का कहना है कि टोकन व्यवस्था में असमानता के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान अब भी टोकन के इंतजार में हैं, जिससे उनमें असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है। किसानों ने कहा कि उन्होंने मेहनत से धान की फसल तैयार की है, लेकिन समय रहते धान की बिक्री हो पाएगी या नहीं, इसे लेकर वे चिंतित हैं।

किसानों ने बताया कि इससे पहले भी धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल की गई थी। उस दौरान प्रशासन द्वारा कुछ दिनों के लिए लिमिट बढ़ाई गई थी, लेकिन बाद में पुनः लिमिट कम कर दी गई। वर्तमान में समय कम होने के कारण किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
धान बिक्री की प्रक्रिया के तहत पहले पटवारी द्वारा किसानों का सत्यापन किया जाता है। इसके बाद मंडी ऑपरेटर द्वारा पीवी (PV) के लिए प्रकरण पटवारी के पास भेजा जाता है। पटवारी द्वारा पीवी किए जाने के बाद फाइल दोबारा मंडी ऑपरेटर के पास आती है, जिसके पश्चात टोकन काटा जाना होता है। इसके बावजूद विभिन्न तकनीकी व प्रशासनिक कारणों से टोकन नहीं कट पा रहे हैं।
हड़ताल की सूचना पर मुकडेगा के नायब तहसीलदार हेमानसू मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि जिन किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है, उनका टोकन पटवारी सत्यापन के पश्चात काटा जाएगा।
किसानों ने बताया कि अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी कई बार टोकन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाती, जिससे किसान निराश होकर वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं। वर्तमान में लगभग 100 किसान अब भी टोकन से वंचित बताए जा रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि टोकन प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाते हुए सभी पात्र किसानों का समय पर टोकन काटा जाए, ताकि धान खरीदी बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।
- मां रामचंडी दिवस की भव्य शोभा यात्रा – बहामा से लमडांड तक निकलेगी ऐतिहासिक भक्ति एवं आस्था का महासंगम - April 1, 2026
- एसआई निरज पटेल की घर वापसी पर लिबरा में उमड़ा जनसैलाब, ऐतिहासिक स्वागत लिबरा में एसआई निरज पटेल का भव्य स्वागत, कर्मा पार्टी की धुनों से गूंजा गांव - April 1, 2026
- रायगढ़ में “नवा तरिया, आय के जरिया” अभियान की शुरुआत, जल संरक्षण के साथ महिलाओं को मिलेगा रोजगार - March 31, 2026

