CG/छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी डिजिटल पहल करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने अब बिजली बिल व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने की सुविधा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को हर महीने उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर पीडीएफ फॉर्मेट में प्राप्त होगा, जिसे वे डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे और आवश्यकता होने पर प्रिंट भी निकाल सकेंगे।
कंपनी के अनुसार, इस सुविधा का उद्देश्य बिजली बिल वितरण और भुगतान प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है। व्हाट्सएप पर भेजे जाने वाले बिल संदेश में ही ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिससे उपभोक्ता एक क्लिक में बिल का भुगतान कर सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि बिल भुगतान में होने वाली देरी की समस्या भी कम होगी।
प्रदेश में वर्तमान में लगभग 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी के पास पंजीकृत हैं। इनमें करीब 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का नियमित उपयोग करते हैं। CSPDCL इन उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल उपलब्ध कराएगी। कंपनी का दावा है कि आने वाले समय में इस दायरे को और बढ़ाया जाएगा।
फ्रॉड और फर्जी संदेशों से बचाने के लिए कंपनी ने सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी है। बिजली बिल का संदेश केवल CSPDCL की आधिकारिक और वेरीफाइड व्हाट्सएप आईडी से ही भेजा जाएगा, जिस पर ब्लू टिक रहेगा। इसके साथ ही आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 भी संदेश में प्रदर्शित होगा, ताकि उपभोक्ता किसी भी संदिग्ध या फर्जी मैसेज से सतर्क रह सकें।
कंपनी ने बताया कि जैसे ही उपभोक्ता की मीटर रीडिंग दर्ज की जाएगी, उसी समय पूरा डिटेल्ड बिल पीडीएफ फॉर्मेट में व्हाट्सएप पर भेज दिया जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी—तीनों भाषाओं में उपलब्ध होगी। उपभोक्ता अपनी भाषा पसंद ‘मोर बिजली’ मोबाइल एप के माध्यम से चुन सकते हैं, जिससे उन्हें अपनी सुविधा अनुसार बिल की जानकारी मिल सके।
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी तक बिजली विभाग में पंजीकृत नहीं है, वे टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके या ‘मोर बिजली’ एप के जरिए अपना नंबर रजिस्टर करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को अपना 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान से संबंधित जानकारी देना होगी।
CSPDCL के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और डिजिटल माध्यमों को अपनाकर समय और संसाधनों की बचत करें। प्रशासन का मानना है कि यह व्यवस्था भविष्य में बिजली सेवाओं को और अधिक उपभोक्ता-केंद्रित बनाएगी।
- मां रामचंडी दिवस की भव्य शोभा यात्रा – बहामा से लमडांड तक निकलेगी ऐतिहासिक भक्ति एवं आस्था का महासंगम - April 1, 2026
- एसआई निरज पटेल की घर वापसी पर लिबरा में उमड़ा जनसैलाब, ऐतिहासिक स्वागत लिबरा में एसआई निरज पटेल का भव्य स्वागत, कर्मा पार्टी की धुनों से गूंजा गांव - April 1, 2026
- रायगढ़ में “नवा तरिया, आय के जरिया” अभियान की शुरुआत, जल संरक्षण के साथ महिलाओं को मिलेगा रोजगार - March 31, 2026
