रायगढ़ । कहते हैं पूत कपूत हो सकता है पर माता नहीं कहलाती कुमाता, परन्तु दिल को झकझोर देने वाला ऐसा मामला सामने आया है जिसमें एक माँ ने अपने कलेज़े के टुकड़े को जमीन पर पटक कर पत्थर से वार करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया l पुलिस ने निर्मोही माँ को गिरफ्तार कर लिया है l
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को थाना कापू में मृतक बालक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार (28 वर्ष) ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पत्नी सोनमती सरोती मंझवार दो बच्चे है, लड़की ढूलबाई उम्र साढे चार साल तथा लड़का अनुज मझवार उम्र ढाई साल का है । ससुराल सरभांजा मेनपाठ है । गुरूवार को सबेरे करीब 5 बजे वह जंगल चार तोड़ने गया था उस समय घर पर पत्नी और दोनो बच्चे थे । दोपहर में जब वह लौटा तो घर सूना मिला। शाम को उसकी साढ़े चार साल की बेटी दूलबाई अकेले घर पहुंची और बताया कि उसकी मां उसे घर भेजकर छोटे भाई अनुज को लेकर रानी गौवा नानी घर जंगल की ओर चली गई है। यह सुनते ही पिता को अनहोनी की आशंका हुई और ग्रामीणों के साथ रात तक जंगल में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह आरोपी महिला सोनमती अकेले घर लौटी, लेकिन उसने बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और टालमटोल करती रही। लगातार दो दिनों तक परिजनों और ग्रामीणों द्वारा जंगल में खोजबीन की गई। आखिरकार शनिवार की रात करीब 1 बजे रानीगौवा पहाड़ के पास एक पगडंडी किनारे महुआ पेड़ के पास पत्थर पर खून के धब्बे दिखाई दिए। आसपास गहरी खाई में तलाश करने पर मासूम अनुज का शव मिला, जो सिर पर गंभीर चोट के साथ खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिजन फूट-फूट कर रो पड़े और पूरे गांव में मातम पसर गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर संदेही महिला को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर उनके मार्गदर्शन में वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। शुरुआत में महिला लगातार गुमराह करती रही और अपहरण जैसी कहानी गढ़ती रही, लेकिन जब पुलिस ने तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर सख्ती से पूछताछ की, तो आखिरकार वह टूट गई। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि घटना के दिन वह अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके जा रही थी। रास्ते में लड़की को घर जाने लौटा दी और अपने बेटे को गोद में लेकर पहाड़ी चढ़ाई के दौरान थकान में बेटे को जमीन में उतार कर पैदल चलने बोली पर बालक अनुज जमीन पर बैठ गया, तब गुस्से में उसने अपने ढाई साल के मासूम बेटे को जमीन पर पटककर उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह घर लौटकर झूठी कहानी बनाकर सभी को भ्रमित करने लगी। आरोपी सोनमती सरोती मझवार पति बोधसाय मंझवार उम्र 27 साल निवासी ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

