लैलूंगा की बेटी किरण चौधरी का राष्ट्रीय स्तर की समर रिसर्च फैलोशिप में चयन
लैलूंगा। शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध शासकीय संत गहिरा गुरु रामेश्वर महाविद्यालय, लैलूंगा की एम.एससी. प्रथम वर्ष की छात्रा किरण चौधरी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए फोकस एरिया साइंस एंड टेक्नोलॉजी (FAST) समर रिसर्च फैलोशिप-2026 के लिए चयनित होकर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
किरण चौधरी का चयन देश के प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च – राष्ट्रीय क्षय रोग अनुसंधान संस्थान (ICMR-NIRT), चेन्नई में हुआ है। यहां वे अपने विषय से संबंधित क्षेत्र में दो माह तक अध्ययन एवं शोध कार्य करेंगी। इस प्रतिष्ठित फैलोशिप के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को भारतीय विज्ञान अकादमी द्वारा फेलोशिप प्रदान की जाती है।
महाविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक राकेश सिंह सिदार के मार्गदर्शन में कुल सात विद्यार्थियों ने इस फैलोशिप के लिए आवेदन किया था, जिनमें से किरण चौधरी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह सफलता अर्जित की।
उल्लेखनीय है कि आदिवासी बहुल क्षेत्र लैलूंगा में स्थित इस महाविद्यालय से अब तक 9 विद्यार्थियों का विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों में रिसर्च इंटर्नशिप एवं फैलोशिप के लिए चयन हो चुका है। इससे पूर्व भी इसी महाविद्यालय की एक छात्रा का चयन देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थान में शोध इंटर्नशिप के लिए हुआ था।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोहर पटेल ने छात्रा किरण चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने महाविद्यालय में शोध एवं नवाचार की संस्कृति को और अधिक प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
किरण चौधरी की यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे लैलूंगा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, जो यह दर्शाती है कि ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


