70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, बहू निकली मास्टरमाइंड; महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर, 5 जुलाई। जशपुर जिले के थाना दुलदुला क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग गुंगरू (चुगरू) प्रधान की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को ग्राम बोड़ाजोर में बुजुर्ग गुंगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना तथा संदिग्धों से गहन पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचित युवकों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि 3 और 4 जुलाई की मध्यरात्रि सभी आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बेरहमी से हमला किया। इसके बाद मृतक के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस अंधे हत्याकांड का मात्र 24 घंटे में सफल खुलासा थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम तथा विवेचना में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतर्कता, तकनीकी विश्लेषण और समन्वित कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
1 सुगंती बेसरा (36 वर्ष) — निवासी ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर। (मृतक की बहू एवं मुख्य साजिशकर्ता)
2 साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष) — थाना दुलदुला, जिला जशपुर।
3 आनंद यादव (20 वर्ष) — ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला, जिला जशपुर।
4 रोहित सिंह (21 वर्ष) — ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर, जिला जशपुर।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


