रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह को सराहनीय सेवा के लिए मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए 15 अगस्त का दिन गौरव और सम्मान से भरा रहेगा। राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ पुलिस के 11 उत्कृष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित करेंगे। इनमें रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह का नाम भी शामिल है, जिन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।
इन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पदक प्रदान करने की घोषणा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर की गई थी। अब स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें विधिवत अलंकृत किया जाएगा।
एक अधिकारी को मिलेगा विशिष्ट सेवा पदक
धमतरी रक्षित केंद्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को उनकी विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया जाएगा।
10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में—
रामगोपाल गर्ग — पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज
शशिमोहन सिंह — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़
श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा — पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण
राजश्री मिश्रा — पुलिस अधीक्षक, एटीएस रायपुर
निवेदिता पाल — सेनानी, 6वीं वाहिनी छसबल, रायगढ़
मनीषा ठाकुर रावटे — सेनानी, 20वीं वाहिनी छसबल, महासमुंद
तारकेश्वर पटेल — अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य), रायपुर नगरीय
उनैजा खातून अंसारी — अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा, पीएचक्यू
जयलाल मरकाम — सहायक सेनानी, प्रथम वाहिनी छसबल, भिलाई
हजारी लाल साहू — प्लाटून कमांडर, 20वीं वाहिनी छसबल, महासमुंद
रायगढ़ के लिए गौरव का क्षण
रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाना जिले के लिए भी गौरव का विषय है। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए यह सम्मान पुलिस सेवा में उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान माना जा रहा है।
15 अगस्त को राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों पदक प्राप्त करने के साथ ही रायगढ़ पुलिस के लिए भी यह उपलब्धि विशेष सम्मान का अवसर बनेगी।
कर्तव्य और निष्ठा को सलाम
राष्ट्रपति पुलिस पदक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्कृष्ट और समर्पित सेवाओं को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ के इन पुलिसकर्मियों का सम्मान पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायी क्षण होगा। यह सम्मान उन कर्मियों के कर्तव्य, निष्ठा, साहस और जनसेवा के प्रति समर्पण को सलाम है, जिन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पुलिस सेवा की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
