योगेश कुमार की रिपोर्ट
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पहले छत्तीसगढ़ में राष्ट्रभक्ति का उत्साह चरम पर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में पूरे सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, देश की अस्मिता और गौरव का प्रतीक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगे को देखते ही प्रत्येक भारतीय का मन गर्व और राष्ट्रप्रेम से भर उठता है। उन्होंने कहा कि देश की विविधताओं के बीच तिरंगा करोड़ों भारतीयों को एकता के सूत्र में बांधता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है।
‘हर घर तिरंगा’ बना जनआंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज एक व्यापक जनअभियान का स्वरूप ले चुका है। गांव से लेकर शहर तक घर-घर लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को अभिव्यक्त कर रहा है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करें।
वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के वीरों को किया नमन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती ने भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायक ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदेश के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष आज भी नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान युवाओं और बच्चों को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
2047 के विकसित भारत के संकल्प में हर नागरिक की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। अब इस स्वतंत्रता को मजबूत और सार्थक बनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस राष्ट्रीय लक्ष्य को पूरा करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगे की छांव में हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्रहित हम सभी के लिए सर्वोपरि है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने और विकसित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
