लैलूंगा, रायगढ़। शासकीय संत गहिरा गुरु रामेश्वर महाविद्यालय लैलूंगा में विद्यार्थियों को हो रही विभिन्न समस्याओं को लेकर NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र संगठन ने महाविद्यालय की प्राचार्य को आवेदन सौंपकर पानी की सीपेज, खराब लाइट-पंखों और साफ-सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है।
NSUI द्वारा 27 अगस्त 2026 को सौंपे गए आवेदन में बताया गया कि महाविद्यालय की कई कक्षाओं में लंबे समय से पानी की सीपेज की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान कक्षाओं में पानी आने से विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में परेशानी होती है। वहीं कई कक्षाओं में लाइट और पंखे खराब होने के कारण भी छात्र-छात्राओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र संगठन ने महाविद्यालय परिसर, कक्षाओं और शौचालयों में नियमित एवं समुचित साफ-सफाई नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। NSUI का कहना है कि शैक्षणिक संस्थान में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होना बेहद जरूरी है, क्योंकि गंदगी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और शैक्षणिक वातावरण भी प्रभावित होता है।
मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग
NSUI ने प्राचार्य से मांग की है कि महाविद्यालय की कक्षाओं में पानी की सीपेज को रोकने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए। साथ ही खराब पड़े लाइट एवं पंखों की मरम्मत तथा परिसर और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं।
10 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन
छात्र संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आवेदन सौंपे जाने के 10 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो NSUI द्वारा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने महाविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
