राज्यपाल रमेन डेका ने वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों को किया सम्मानित, कहा—समान शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी
रायपुर, 3 सितंबर 2026। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में छत्तीसगढ़ में चल रहा ‘वर्ल्ड ऑडियो बुक’ अभियान एक प्रेरणादायी पहल बनकर सामने आया है। तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री पहुंचाने के इस प्रयास की राज्यपाल रमेन डेका ने सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।
राज्यपाल ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अभी और व्यापक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री सहज और सुलभ रूप में उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऑडियो के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें शिक्षा के समान अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राज्यपाल से मिली टीम, प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
लोक भवन में आज वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने टीम के सभी सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
टीम की उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किए जाने पर राज्यपाल ने सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने का लक्ष्य
वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम द्वारा दृष्टिबाधित एवं सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभिनव अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुश्री के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी।
सुश्री शारदा स्वयं अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ इस महत्वपूर्ण अभियान में योगदान दे रहे हैं।
📚 शिक्षा को आवाज, सपनों को उड़ान
यह पहल केवल ऑडियो बुक तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन विद्यार्थियों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास है, जिनके लिए सामान्य अध्ययन सामग्री तक पहुंच चुनौतीपूर्ण होती है। पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी सामग्री के ऑडियो रूप में उपलब्ध होने से विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई अधिक सहज और सुलभ बन रही है।
8 लाख से अधिक बार देखा गया वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल
वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और चैनल को अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम द्वारा विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम आधारित एवं उपयोगी अध्ययन सामग्री तैयार की जा रही है।
राज्यपाल ने ऐसे प्रयासों को और व्यापक बनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इसका लाभ अधिक से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
