विशेष संवाददाता – योगेश चौहान की रिपोर्ट
रायगढ़, 9 अप्रैल। जिले में संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी वारदातों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर सेल और थाना पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि के संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 बाइक, 2 रेंजर साइकिल और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 33 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। बीते शुक्रवार को एक अन्य अंतर-जिला गिरोह के खुलासे के बाद एक बार फिर पुलिस ने तगड़ा प्रहार करते हुए इस नए गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह द्वारा रायगढ़, छाल, पूंजीपथरा से लेकर ओडिशा के बरगढ़ क्षेत्र तक वाहन और मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया था।
नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साइबर सेल को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग पूंजीपथरा क्षेत्र से चोरी की बाइक को रूड़ुकेला-लैलूंगा इलाके में खपाने की कोशिश में है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीआई राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने अब तक की गई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि उसने 10 बाइक, 2 साइकिल और 3 मोबाइल की चोरी की है। उसने यह संपत्ति अपने साथी सोनू चौहान के साथ मिलकर जेसीयल भगत, सुधीर मालाकार और विकास जायसवाल को बेची थी।
अलग-अलग स्थानों से जब्त हुई संपत्ति
पुलिस ने विधि के संघर्षरत बालक के बयान और मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की गई संपत्ति को बरामद करने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान बोईरदादर, लाखा प्लांट, राबो डेम, सरायपाली, सालासर चौक, गेरवानी और ओडिशा के बरगढ़ जैसे इलाकों से संपत्ति जब्त की गई। जप्त संपत्ति में डेस्टिनी स्कूटी, डिस्कवर, स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स और लिवो जैसी लोकप्रिय बाइक शामिल हैं।
आरोपियों से बरामद हुई संपत्ति
विधि के संघर्षरत बालक: डिस्कवर बाइक, 2 हीरो स्प्लेंडर बाइक और 2 मोबाइल
जेसीयल भगत: 2 एचएफ डीलक्स बाइक
सुधीर मालाकार: 2 एचएफ डीलक्स बाइक, 2 रेंजर साइकिल, 1 मोबाइल
विकास जायसवाल: 1 एचएफ डीलक्स बाइक
सोनू चौहान: 1 लिवो बाइक
बरामद संपत्ति का विवरण
इस पूरी कार्रवाई को पूंजीपथरा थाने के चार अलग-अलग अपराध क्रमांक (80/2025, 81/2025, 82/2025, 84/2025 धारा 303-2 BNS) और थाना छाल के अपराध क्रमांक 84/2024 (धारा 379 IPC) से जोड़ा गया है। इसके साथ ही संपत्ति की खरीद-बिक्री में लिप्त होने के लिए धारा 317(2) BNS और संगठित अपराध के तहत धारा 112(2) BNS के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना पूंजीपथरा के प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उप निरीक्षक विजय एक्का, एएसआई जयराम सिदार, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, नंद साय कंवर सहित साइबर सेल के राजेश पटेल, बृजलाल गुर्जर, पुष्पेंद्र जाटवर, प्रशांत पंडा, महेश पंडा, विकास प्रधान, विक्रम सिंह, सुरेश सिदार, प्रताप बेहरा, थाना पूंजीपथरा के अभिषेक द्विवेदी, सुरेंद्र यादव, फिलमोन लकड़ा और विक्रम कुजुर की विशेष भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
विधि के संघर्षरत बालक
जेसीयल भगत (38 वर्ष), निवासी रूड़ुकेला थाना लैलूंगा
सुधीर मालाकार (19 वर्ष), निवासी जामडबरी थाना पूंजीपथरा
विकास जायसवाल (35 वर्ष), निवासी ऐडुकला थाना छाल
सोनू चौहान (28 वर्ष), निवासी जामडबरी थाना पूंजीपथरा
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
