रायगढ़। आटो चालक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के बाद वीडियो कॉल के जरिये परिजनों से 1 लाख की फिरौती मांगने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात ऑटो चालक विजय यादव उर्फ गोलू (38 वर्ष), निवासी गोपालपुर थाना चक्रधरनगर, रोज की तरह रेलवे स्टेशन से सवारी लेकर निकला। रात लगभग 9 बजे दो अज्ञात युवक रेलवे स्टेशन से ग्राम रूचिदा तक जाने के लिए 700 रुपये किराए पर उसके ऑटो में सवार हुए। ग्राम रूचिदा से आगे सुनसान जगह पर युवकों ने ऑटो रुकवाया और पहले से साथ लाए टंगिया और डंडे से विजय पर हमला कर दिया, जिससे वह बेसुध हो गया। आरोपियों ने उसके पास रखे 500 रुपये और एक विवो मोबाइल फोन लूट लिया और उसी मोबाइल से उसके घरवालों को वीडियो कॉल कर फिरौती की मांग करते हुए धमकाया कि पैसे नहीं देने पर विजय को जान से मार देंगे। पीडि़त के हाथ-पैर बांधकर आरोपी उसे ऑटो में घुमाते रहे और परिजनों को डराते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला, डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में थाना कोतवाली, पुसौर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने रात भर मुस्तैदी से रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पीडि़त के संपर्कों की साइबर ट्रेसिंग की और आसपास के लोगों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाया। जांच में सामने आया कि लिटाईपाली निवासी प्रकाश सिदार (25 वर्ष) घटना में संलिप्त है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी।
प्रकाश सिदार ने बताया कि वे दोनों पहले से ही लूट की नीयत से ऑटो में सवार हुए और सुनसान जगह पर टंगिया से हमला कर ऑटो चालक को बंधक बनाया। मोबाइल फोन से परिजनों को धमकाते हुए 1 लाख रूपये मांगे और डर का माहौल बनाया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टंगिया, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने प्रकरण में धारा 309(6), 127(2), 140(1), 3(5) बीएनएस आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
- ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस में रायगढ़ से चक्रधर सिदार बने जिला उपाध्यक्ष, संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी - July 30, 2026
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
