रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह की दसवीं एवं अंतिम संगीत संध्या बुधवार को भारतीय संगीत की दो पीढ़ियों की सुरीली आवाजों के संगम की साक्षी बनी। मंच पर पहले जान कुमार सानू ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, वहीं इसके बाद पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात पार्श्व गायिका कविता कृष्णमूर्ति ने अपनी दमदार और भावपूर्ण गायकी से देर रात तक संगीतप्रेमियों को बांधे रखा।
संगीत संध्या की शुरुआत जान कुमार सानू की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने लोकप्रिय गीत ‘तू मिले दिल खिले’ सहित कई मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को संगीतमय बना दिया। उनकी गायकी में उनके पिता एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायक कुमार सानू की संगीत विरासत की झलक भी देखने को मिली। हर प्रस्तुति के बाद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद मंच पर पहुंचीं पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति। चार दशक से अधिक लंबे संगीत सफर में भारतीय सिनेमा को अनेक यादगार गीत देने वाली कविता कृष्णमूर्ति ने फिल्मी संगीत के साथ शास्त्रीय, भक्ति और समकालीन संगीत का खूबसूरत संगम प्रस्तुत किया।
उन्होंने ‘दिल दिया है जान भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए’, ‘बोले चूड़ियां, बोले कंगना’ और ‘कभी खुशी कभी गम’ सहित अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी आवाज की भावनात्मक गहराई और शास्त्रीय संगीत पर मजबूत पकड़ ने पूरी संगीत संध्या को विशेष बना दिया।
शानदार वाद्य संगत ने बढ़ाई प्रस्तुति की खूबसूरती
कविता कृष्णमूर्ति के साथ संगीतकारों की शानदार टीम ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संजय मराठे एवं ओमकार देवस्कर ने कीबोर्ड, रिचर्ड मित्रा ने गिटार, सुरेश रामनाथन ने बास, विजय तांबे ने बांसुरी, गिरीश विश्व ने ढोलक, प्रसाद कुलकर्णी ने ड्रम, संकेत ओक ने तबला तथा सुप्रिया भट्टाचार्य ने कांगो पर संगत की। वहीं परिक्षित कुलकर्णी ने साउंड इंजीनियर के रूप में सहयोग दिया।
जान कुमार सानू और कविता कृष्णमूर्ति की प्रस्तुतियों ने 41वें चक्रधर समारोह की अंतिम संगीत संध्या को सुरों और यादों से भर दिया। देर रात तक बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
