लैलूंगा। विकासखंड लैलूंगा अंतर्गत ग्राम पंचायत लिबरा स्थित तेंदूपत्ता संग्रहण केन्द्र इन दिनों ग्रामीणों की आवाजाही से गुलजार नजर आ रहा है। गर्मी के मौसम के साथ शुरू हुए तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य ने एक बार फिर गांवों में रोजगार की नई उम्मीद जगा दी है। बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों से तेंदूपत्ता एकत्र कर केन्द्र में जमा करने पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी तेंदूपत्ता सीजन उनके लिए आर्थिक मजबूती का माध्यम बन रहा है। खासकर महिला संग्राहकों और मजदूर परिवारों के लिए यह कार्य अतिरिक्त आय का प्रमुख स्रोत साबित हो रहा है। सुबह होते ही ग्रामीण जंगलों की ओर निकल पड़ते हैं और दिनभर मेहनत कर निर्धारित मानकों के अनुसार पत्तों की गड्डियां तैयार कर संग्रहण केन्द्र में जमा करते हैं।
लिबरा संग्रहण केन्द्र में संग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यहां पत्तों की जांच, तौल और भंडारण का कार्य व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण न केवल रोजगार उपलब्ध कराता है, बल्कि गांवों की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ करता है। वहीं केन्द्र में मौजूद कर्मचारी संग्राहकों को गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण, सही तरीके से गड्डियां बनाने और निर्धारित नियमों के पालन की जानकारी भी दे रहे हैं।
संबंधित अधिकारियों द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया है कि संग्राहकों को उनके परिश्रम का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिल सके।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

