डैम किनारे जंगल में युवती की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी
रायगढ़, 12 मई। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तुमिडीह स्थित डैम किनारे जंगल में एक अज्ञात युवती का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में डैम किनारे पड़ा मिला, जिसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पूंजीपथरा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राम किंकर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मृतका के शरीर पर कपड़े नहीं थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की गई हो सकती है। युवती के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, वहीं चेहरे को पत्थर से कुचलने की बात भी सामने आई है। इससे हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका और गहरा गई है।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजी गई है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

