23 वर्षीय मनीषा सिदार बनीं डोंगादरहा की नई सरपंच, 323 वोटों से दर्ज की जीत
फरसाबहार। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगादरहा में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में 23 वर्षीय कुमारी मनीषा सिदार ने शानदार जीत हासिल की है। सरपंच के निधन के बाद रिक्त हुए पद पर हुए चुनाव में मनीषा सिदार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 323 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर सरपंच पद पर कब्जा जमाया।
कुमारी मनीषा सिदार, ग्राम डोंगादरहा निवासी उत्तम सिंह सिदार एवं श्रीमती प्रभावती सिदार की पुत्री हैं। उन्हें राजनीति की विरासत परिवार से मिली है। उनके पिता उत्तम सिंह सिदार पूर्व में जनपद पंचायत सदस्य एवं ग्राम डोंगादरहा के सरपंच रह चुके हैं। साथ ही वे सरपंच संघ फरसाबहार के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और वर्तमान में सर्व आदिवासी समाज जशपुर के जिलाध्यक्ष हैं। उनकी माता श्रीमती प्रभावती सिदार भी सरपंच पद पर निर्वाचित रह चुकी हैं।
शिक्षा की बात करें तो मनीषा सिदार ने फार्मासिस्ट डिप्लोमा तक की पढ़ाई पूरी की है। कम उम्र में मिली इस बड़ी जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए नवनिर्वाचित सरपंच मनीषा सिदार ने कहा कि ग्राम पंचायत डोंगादरहा के मतदाताओं, भाई-बहनों और बुजुर्गों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai सहित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगी तथा डोंगादरहा को एक आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

