लैलूंगा में नाली निर्माण की खुली पोल, स्कूल के सामने खुले गड्ढों से हादसे का खतरा
लैलूंगा। नगर पंचायत लैलूंगा के विकास कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर के कन्या हाई स्कूल के सामने मुख्य मार्ग से लगी नाली कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर खुली पड़ी है। सड़क किनारे बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों, छात्राओं और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान देते नजर नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से निर्मित नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता का अभाव रहा है। नाली के ढक्कन जगह-जगह टूट चुके हैं, निर्माण सामग्री उखड़ रही है और कई हिस्सों में नाली धंस गई है। इस स्थिति को देखकर लोगों के बीच निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कन्या हाई स्कूल होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राओं का इस मार्ग से आवागमन होता है। स्कूल खुलने के बाद विद्यार्थियों की संख्या और बढ़ने वाली है। ऐसे में खुले गड्ढे और जर्जर नाली किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। रात के समय अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के कार्यों का निरीक्षण करने आए अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया कि संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल बैठकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यदि समय-समय पर क्षेत्र का निरीक्षण किया जाता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा क्षतिग्रस्त नाली की तत्काल मरम्मत कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

