जर्जर भवन में पहली से 12वीं तक की पढ़ाई, हादसे के साए में गंजपुर के विद्यार्थी
रायगढ़। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम पंचायत गंजपुर स्थित शासकीय विद्यालय भवन की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों ने गहरी चिंता जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पुराना विद्यालय भवन पूरी तरह खस्ताहाल हो चुका है, इसके बावजूद कक्षा पहली से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई उसी भवन में कराई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्र-छात्राएं उसी भवन में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि एक ही भवन में पहली से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होने के कारण विद्यार्थियों को उचित शैक्षणिक वातावरण नहीं मिल पा रहा है। वहीं जर्जर भवन में पढ़ाई होने से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के मन में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। इसका प्रतिकूल असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर भी पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नए विद्यालय भवन के निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन एवं संबंधित विभाग को आवेदन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल नए विद्यालय भवन की स्वीकृति प्रदान की जाए और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
जर्जर विद्यालय भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए।
विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
नए विद्यालय भवन की शीघ्र स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

