रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। दक्षिणी और वनांचल क्षेत्रों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के मध्य हिस्सों को अभी भी राहत भरी बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले दो से तीन दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और बंगाल की खाड़ी के अतिरिक्त हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है।
दक्षिणी जिलों में हुई अच्छी बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। बीते 24 घंटों में ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा सहित कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि तापमान में अधिक गिरावट की उम्मीद नहीं है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए खुले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की गई है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

