रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई करते हुए पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG-13 AV-0523) जब्त की है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को क्षेत्र के किसानों से लगातार खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का लगभग 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना पुसौर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ सामूहिक रूप से अपराध किए जाने के कारण भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) भी प्रकरण में जोड़ी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुसौर क्षेत्र में किसानों को लंबे समय से परेशान कर रही केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026


