📍घरघोड़ा। प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ एवं पेंशनर एसोसिएशन ने अपनी लंबित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को सांसद राधेश्याम राठिया के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के तहत 7 से 11 जुलाई तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी ज्ञापन अभियान के अंतर्गत छर्राटागढ़ में आयोजित किया गया।
रायगढ़ जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय के नेतृत्व में करीब 10 वाहनों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी और पेंशनर सांसद के गृहग्राम पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 10 जून को भी मुख्यमंत्री के नाम ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक शासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने 1 जनवरी 2026 से लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सेवानिवृत्ति पर 300 दिन के अवकाश का नगदीकरण, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ तथा अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने सहित छह प्रमुख मांगें रखीं।
कर्मचारी नेताओं ने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में मोबाइल नेटवर्क और टावर की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क नहीं होने के कारण समय पर उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो पाता, इसलिए इस व्यवस्था की व्यावहारिक समीक्षा की जानी चाहिए।
इस दौरान शैलेंद्र कर्ण, हरिश्चंद्र बेहरा, केशव प्रसाद पटेल, शिव प्रसाद तिवारी, अश्वनी कुमार दर्शन, मनोज प्रधान, मोहन नायक, खेम सागर पैंकरा, ऋषिकेश साहू, वरुण कुमार गुप्ता, सर्वेश मरावी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पेंशनर मौजूद रहे।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं सांसद राधेश्याम राठिया ने कर्मचारियों की मांगों को शासन तक पहुंचाने और उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


