दोस्तों के साथ घूमने गया था 24 वर्षीय युवक, 24 घंटे की मशक्कत के बाद नगर सेना की टीम ने बरामद किया शव
कोरबा। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल सतरेंगा में रविवार को पिकनिक मनाने गए एक एसईसीएल कर्मी की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार देर शाम नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुभांशु ध्रुव (24 वर्ष) निवासी कोरबा के रूप में हुई है। वह अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को सतरेंगा घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीच रास्ते में सुभांशु ने वापस लौटने का फैसला किया, लेकिन गहरे पानी में पहुंचने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते नदी में डूब गया।
घटना के बाद उसके साथियों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही श्यांग चौकी और लेमरु थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि रात होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया। पूरे दिन चले सर्च ऑपरेशन के बाद देर शाम युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सतरेंगा जैसे पर्यटन स्थलों पर बारिश के मौसम में नदी और जलाशयों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से गहरे पानी में उतरने और जोखिम उठाने से बचने की अपील की है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


