कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और पंचायतों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
रायगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण संक्रामक और जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जनपद पंचायतों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन ने सभी शासकीय अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डायरिया, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
नगर निगम एवं ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायतों को नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी, पेयजल स्रोतों में क्लोरीनेशन तथा फॉगिंग अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छ पानी पीने, भोजन को ढंककर रखने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक करेंगी।
बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुल-पुलियों पर पानी होने की स्थिति में आवागमन से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन और पुलिस को दें।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी क्षेत्र से बीमारी फैलने की सूचना मिलने पर तत्काल मेडिकल टीम भेजी जाएगी और आवश्यक उपचार एवं बचाव के उपाय किए जाएंगे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जिले में किसी प्रकार की स्वास्थ्य आपात स्थिति उत्पन्न न हो।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

