नई प्रदेश कार्यकारिणी में अहम दायित्व, पंचायतों के अधिकार, ग्रामीण विकास और सरपंचों की समस्याओं को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का लिया संकल्प
रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरपंच संघ ने अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एवं पंचायत हितों के मुखर प्रतिनिधि हिमांशु चौहान को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के इस फैसले को प्रदेशभर के सरपंचों के बीच एक मजबूत नेतृत्व और पंचायत व्यवस्था को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
हिमांशु चौहान लंबे समय से ग्राम पंचायतों के अधिकारों, ग्रामीण विकास और पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। संगठन ने उनके अनुभव, सक्रियता और जनहित के प्रति समर्पण को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेशभर के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद हिमांशु चौहान ने कहा कि उनका पहला उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि की आवाज को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं और यदि पंचायतें सशक्त होंगी तो ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा, विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं के समाधान, प्रशिक्षण, जनजागरूकता, सदस्यता विस्तार तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य करेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सिंचाई, रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे विषय संगठन की प्राथमिकता में रहेंगे।
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन ने पंचायत प्रतिनिधियों को संगठित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। प्रदेशभर में प्रशिक्षण शिविर, संवाद कार्यक्रम और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय प्रशासन और पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
हिमांशु चौहान ने प्रदेश के सभी सरपंचों से संगठन से जुड़ने और पंचायतों को मजबूत बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि उनके प्रभावी समाधान के लिए सरकार और प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित करना भी है।
प्रदेशभर से मिली शुभकामनाओं के बीच हिमांशु चौहान ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा पंचायतों और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


