VSK ऐप की खामियां दूर किए बिना वेतन कटौती मंजूर नहीं: शिक्षक संघ का सरकार को अल्टीमेटम
ऐप में सुधार नहीं हुआ तो हर जिले में ज्ञापन, फिर DPI कार्यालय का होगा घेराव
रायपुर | गुप्त खबर न्यूज़
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शिक्षक संघ ने VSK (वीएसके) ऐप की तकनीकी खामियों को लेकर राज्य सरकार और स्कूल शिक्षा विभाग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संघ के प्रांताध्यक्ष अनिल टोप्पो ने स्पष्ट कहा है कि जब तक ऐप में मौजूद तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक शिक्षकों के वेतन में कटौती या किसी भी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिक्षक संघ का कहना है कि VSK ऐप में लगातार आ रही तकनीकी गड़बड़ियों के कारण अनेक शिक्षकों की उपस्थिति सही तरीके से दर्ज नहीं हो पा रही है। कई बार नेटवर्क, सर्वर और ऐप की त्रुटियों के चलते उपस्थिति दर्ज नहीं होती, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में वेतन रोकना या कटौती करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और अव्यावहारिक है।
दो चरणों में आंदोलन की घोषणा
शिक्षक संघ ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पहला चरण: प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के माध्यम से राज्य शासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
दूसरा चरण: यदि ज्ञापन देने के बाद भी VSK ऐप की तकनीकी खामियों का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो राजधानी रायपुर स्थित लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) कार्यालय का घेराव कर राज्य स्तरीय विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
‘ पहले व्यवस्था सुधरे, फिर नियम लागू हों’
संघ का कहना है कि तकनीकी रूप से दोषपूर्ण व्यवस्था का खामियाजा शिक्षकों पर नहीं थोपा जा सकता। विभाग को पहले VSK ऐप को पूरी तरह सुचारु और भरोसेमंद बनाना चाहिए, उसके बाद ही उपस्थिति आधारित वेतन कटौती जैसे नियम लागू किए जाएं।
शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो प्रदेशभर के शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। संगठन का कहना है कि “पहले व्यवस्था में सुधार, फिर अनुशासन” के सिद्धांत पर ही सरकार को आगे बढ़ना चाहिए।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

