रायपुर। छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने और राहत-बचाव कार्यों को त्वरित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी 33 जिलों में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला प्रशासन के नेतृत्व में हुए इस अभ्यास में विभिन्न विभागों और सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी की अध्यक्षता में आयोजित इस राज्य स्तरीय अभ्यास की निगरानी नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई।
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ समेत कई विभागों ने लिया हिस्सा
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ की अलग-अलग संभावित परिस्थितियां निर्मित कर राहत और बचाव व्यवस्था का अभ्यास किया गया। इसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना और अग्निशमन सेवाओं के साथ राजस्व, जल संसाधन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पशुपालन और दूरसंचार विभाग शामिल रहे।
अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच सूचना के आदान-प्रदान, आपसी समन्वय और मौके पर त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को परखा गया।
पूर्व चेतावनी से राहत शिविरों तक हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल में बाढ़ की पूर्व चेतावनी जारी करने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत शिविरों के संचालन और बचाव नौकाओं सहित आवश्यक संसाधनों की तैनाती का रिहर्सल किया गया। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमों की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों का भी परीक्षण किया गया।
जिला स्तर पर प्रशासन और मैदानी अमले की प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा करते हुए यह देखा गया कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू किए जा सकते हैं।
कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने पर जोर
अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य आपदा के दौरान सामने आने वाली संभावित कमियों की पहचान करना रहा। सूचना पहुंचने में देरी, संसाधनों की कमी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय में आने वाली बाधाओं को चिन्हित कर उन्हें समय रहते दूर करने पर जोर दिया गया।
रायपुर जिले में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी और एनडीएमए के अधिकारियों ने मॉक ड्रिल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
राज्य स्तरीय टेबल-टॉप और व्यावहारिक मॉक ड्रिल में एनडीएमए नई दिल्ली के वरिष्ठ सलाहकार श्री रविंद्र गुरुंग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के डॉ. जीवन कुमार, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव श्री गजेंद्र ठाकुर सहित विभिन्न अंतर-विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
इस मेगा मॉक ड्रिल के जरिए छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और प्रभावी राहत-बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारियों को परखा गया।:::
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026



