रायगढ़। छत्तीसगढ़ यादव महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रायगढ़ कलेक्टर से मुलाकात कर आगामी जाति जनगणना में यादव समाज की विभिन्न उपजातियों को अलग-अलग दर्ज करने के बजाय जाति कॉलम में केवल ‘यादव’ दर्ज किए जाने की मांग रखी।
महासभा ने कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थानीय नाम और उपनामों के प्रचलन के कारण यादव समाज के लोगों की सरकारी अभिलेखों में अलग-अलग पहचान दर्ज हो जाती है। महासभा का दावा है कि वर्ष 1931 की जाति जनगणना में यादव समाज से जुड़ी विभिन्न उपजातियों को अलग-अलग दर्ज किए जाने से समाज की वास्तविक जनसंख्या का समग्र आंकड़ा सामने नहीं आ सका।
700 उपजातियों को एक श्रेणी में शामिल करने की मांग
महासभा ने मांग की कि देशभर में यादव समाज की लगभग 700 उपजातियों को एकीकृत कर ‘यादव’ श्रेणी में शामिल किया जाए। साथ ही जनगणना प्रगणकों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि यदि कोई व्यक्ति अपनी स्थानीय उपजाति जैसे अहीर, रावत या राउत बताता है, तो जाति कॉलम में यादव दर्ज किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस मांग को लेकर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा द्वारा 1 जुलाई को दिल्ली में महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के समक्ष भी मुद्दा उठाया जा चुका है। अब इसे लेकर देशव्यापी जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
गांव-गांव चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
महासभा के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों को आगामी जनगणना में जाति कॉलम में ‘यादव’ दर्ज करवाने के लिए जागरूक करेंगे। संगठन के अनुसार अभियान के तहत विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की रूपरेखा भी तैयार की गई है।
महासभा का कहना है कि एकीकृत पहचान दर्ज होने से भविष्य में जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में समाज के लिए बेहतर आंकड़े उपलब्ध होंगे और समग्र विकास एवं कल्याण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में रावत-राउत नाम को लेकर भी उठाया मुद्दा
महासभा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव, रावत और राउत एक ही जातीय पहचान के रूप में प्रचलित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अहीर, रावत और राउत जैसे नामों के अधिक इस्तेमाल के कारण एक ही समुदाय के लोगों के अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज होने की संभावना बनी रहती है। इसी वजह से जाति जनगणना में एकरूपता की मांग की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल में एस.डी. यादव, राष्ट्रीय सचिव; गणेश यादव, प्रदेश सचिव; कार्यकारी जिला अध्यक्ष विनोद यादव; पप्पू यादव, जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ; पंकज लता यादव, जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ; अधिवक्ता महेंद्र सिंह यादव, उपाध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़; कान्हू राम यादव, भावना यादव, सुषमा यादव, हिना यादव, प्रियंका यादव सहित महासभा के कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026



