ओडिशा से लखनऊ जा रहा था गांजा, बोलेरो समेत करीब ₹10 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़/लैलूंगा, 22 अगस्त 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये, तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक 26 BH 4095 B, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया। कार्रवाई में कुल करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो में ओडिशा से गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान बताए गए मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो कथित रूप से वाहन की पायलटिंग कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल से गिर गया। चोट लगने पर उसे तत्काल सीएचसी लैलूंगा भेजा गया।
पुलिस को देखकर बोलेरो भगाने की कोशिश
इसी बीच कुछ देर बाद सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B पाकरगांव की ओर से लैलूंगा की तरफ आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32 वर्ष), निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। वहीं वाहन में सवार महिला ने अपना नाम ज्योति जाटव (23 वर्ष), निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर लखनऊ, उत्तर प्रदेश जाने की बात स्वीकार की।
महिला के बैग से मिले गांजे के चार पैकेट
नियमानुसार तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से काले रंग के पिट्ठू बैग में चार पैकेटों में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है, को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
जब्ती का पूरा ब्यौरा
गांजा: 4.108 किलोग्राम — करीब ₹2 लाख
बोलेरो वाहन: करीब ₹8 लाख
कुल जब्ती: करीब ₹10 लाख
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. जशवंत कुमार शर्मा
पिता – श्रीराम कुमार शर्मा, उम्र 32 वर्ष
निवासी – केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
2. ज्योति जाटव
पिता – शोवरन जाटव, उम्र 23 वर्ष
निवासी – आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, आरक्षक देव प्रसाद राठिया, शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत तथा महिला आरक्षक लीलावती एक्का शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
ऑपरेशन आघात के तहत लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। रायगढ़ पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की कार्रवाई जारी है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026



