रायगढ़। कला और संगीत की संस्कारधानी रायगढ़ एक बार फिर देश-दुनिया के नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों से सराबोर होने जा रही है। आगामी 14 से 23 सितंबर 2026 तक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय विश्व प्रसिद्ध चक्रधर समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कलाकारों के चयन से लेकर आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं तक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
इसी क्रम में चक्रधर समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने राजधानी रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को चक्रधर समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपते हुए समारोह के शुभारंभ अवसर पर शामिल होने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए समारोह में शामिल होने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से समारोह की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।
दस दिनों तक सजेगा कला का भव्य मंच
चक्रधर समारोह रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की समृद्ध कला परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों से ख्यातिलब्ध कलाकारों के शामिल होने से रायगढ़ एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा मंच, सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था, विद्युत, स्वच्छता और कलाकारों के आतिथ्य सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति का प्रयास है कि समारोह में आने वाले कलाकारों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
14 सितंबर से शुरू होकर 23 सितंबर तक चलने वाला चक्रधर समारोह कला प्रेमियों के लिए दस दिनों तक संस्कृति, संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
