रायगढ़ : चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोलाईबहाल में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल एंबुलेंस की सहायता पहुंचाया गया जहां घायलों का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोलाईबहाल निवासी साहिल मिर्धा, विजय तुरी और उड़ीसा के ग्राम बिजना निवासी करन मराठा जो गांव में ही किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था, दोपहर करीब 2 बजे गांव के चौराहे पर नीम पेड़ के नीचे खाना खाकर बैठे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली उसी नीम पेड़ पर गिर गई। तीनों युवक उसकी चपेट में आ गए।
करन मराठा 21 वर्ष और साहिल मिर्धा मौके पर ही अचेत हो गए, जबकि विजय तुरी भी झुलस गया। विजय की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को उनके घर पहुंचाया। तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी गई और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने करन मराठा को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित रखवाया गया है। मृतक करन मराठा उड़ीसा से मजदूरी करने कोलाईबहाल आया था और यहीं रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने शासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी ली जा रही है, और पीड़ितों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया जा रहा है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
