रायगढ़:छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ट्रांसपोर्टरों के बीच भाड़ा, लोडिंग और अवैध वसूली को लेकर भड़के विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। हालात बिगड़ने की आशंका के चलते छत्तीसगढ़ पुलिस ने तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत हमीरपुर टपरिया बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया है। इस फैसले के बाद दोनों राज्यों के बीच कोल परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है।
बॉर्डर सील होते ही छत्तीसगढ़ और ओडिशा से रायगढ़ की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों ट्रक-ट्रेलर सीमावर्ती इलाकों में खड़े हो गए, जिससे वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई चालक घंटों से गाड़ियों में ही फंसे हुए हैं और स्थिति को लेकर डरे-सहमे नजर आ रहे हैं।
मारपीट, लूटपाट और बंधक बनाने से भड़का विवाद
विगत दिनों तमनार थाना क्षेत्र के हमीरपुर बॉर्डर पर ओडिशा के कुछ ट्रांसपोर्टरों द्वारा छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों के साथ मारपीट, 15 हजार रुपये की लूटपाट और उन्हें बंधक बनाए जाने की गंभीर घटना सामने आई थी। घटना की जानकारी मिलते ही तमनार थाना प्रभारी कमला पुसान मौके पर पहुंचीं और बंधक बनाए गए ट्रांसपोर्टरों को मुक्त कराया।
इस मामले में बंटी डालमिया समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए अन्य आरोपियों के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाने से ट्रांसपोर्टरों में भारी आक्रोश है।
गिरफ्तारी नहीं होने से ट्रांसपोर्टर संगठनों में रोष
जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से खासा नाराज है। संघ का कहना है कि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में अराजकता और असुरक्षा का माहौल बन गया है। हालात तनावपूर्ण होते देख पुलिस प्रशासन ने एहतियातन बॉर्डर सील कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्णय लिया।
इसके तहत—
ट्रक-ट्रेलर की आवाजाही पूरी तरह रोकी गई
सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन निगरानी बढ़ाई गई
अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई
एसपी को सौंपा ज्ञापन, गिरफ्तारी की मांग तेज
मुख्य आरोपी बंटी डालमिया की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ट्रांसपोर्टरों और विभिन्न संगठनों ने पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जा सकता है।
गैंगवार के डर से सहमे ग्रामीण और चालक
मारपीट और लूटपाट की घटना के बाद से सीमा से सटे गांवों में भी डर का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों में रोष के साथ-साथ असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। बॉर्डर सील होने से भारी वाहनों के पहिए थम गए हैं और चालक गाड़ियों में ही फंसे हुए हैं। उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है।
स्थिति पर पुलिस और प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था बहाल होने को लेकर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
- मां रामचंडी दिवस की भव्य शोभा यात्रा – बहामा से लमडांड तक निकलेगी ऐतिहासिक भक्ति एवं आस्था का महासंगम - April 1, 2026
- एसआई निरज पटेल की घर वापसी पर लिबरा में उमड़ा जनसैलाब, ऐतिहासिक स्वागत लिबरा में एसआई निरज पटेल का भव्य स्वागत, कर्मा पार्टी की धुनों से गूंजा गांव - April 1, 2026
- रायगढ़ में “नवा तरिया, आय के जरिया” अभियान की शुरुआत, जल संरक्षण के साथ महिलाओं को मिलेगा रोजगार - March 31, 2026

