रायगढ़। जिले के प्रसिद्ध सर्वशक्तिपीठ मां बंजारी धाम तराईमाल में गुरुवार, 19 मार्च को चैत्र नवरात्र पर्व का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन मंदिर समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर के दिशा-निर्देश में एसडीएम और तहसीलदार के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस दौरान थाना प्रभारी, समिति सदस्यगण, यज्ञाचार्य, यजमान एवं सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति में 71वीं मनोकामना ज्योति कलश का विधि-विधान से प्रज्वलन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम तराईमाल से मां बंजारी धाम तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। कर्मा नृत्य दल के साथ सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सुसज्जित होकर यात्रा में शामिल हुईं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह के माहौल में डूबा नजर आया।
बासंतिक नवरात्र के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री एवं मां बंजारी की पूजा-अर्चना कर ज्योति कलश प्रज्वलन की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई।
यज्ञाचार्य पंडित किशोर पाणिग्राही के मार्गदर्शन में यजमानों एवं जनप्रतिनिधियों सहित थाना प्रभारी राम किंकर यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दिवान तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्यगण, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा-अर्चना, प्रतिदिन भोजन भंडारा, प्रसाद वितरण, पेयजल और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलन में प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालुओं ने भाग लिया और अपनी आस्था प्रकट की।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

