खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण, किसानों को समय पर मिल रही खाद
रायपुर। खरीफ सीजन को देखते हुए प्रदेश में किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। धमतरी जिले में वर्तमान स्थिति के अनुसार कुल 19,358 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है, जिनमें से 4,318 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया जा चुका है। वितरण के बाद जिले में 15,040 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडार उपलब्ध है।
उपलब्ध भंडारण में यूरिया 8,017 मीट्रिक टन, सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) 3,005 मीट्रिक टन, पोटाश 1,084 मीट्रिक टन, डीएपी 2,169 मीट्रिक टन तथा एनपीके 5,083 मीट्रिक टन शामिल है। वहीं अब तक किसानों को यूरिया 1,902 मीट्रिक टन, एसएसपी 588 मीट्रिक टन, पोटाश 216 मीट्रिक टन, डीएपी 572 मीट्रिक टन एवं एनपीके 1,040 मीट्रिक टन वितरित किया जा चुका है।
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश की सभी सहकारी समितियों में यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसानों को वितरण किया जा रहा है। किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के लिए नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे आधुनिक उर्वरकों के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नैनो उर्वरकों का उपयोग पूरी तरह वैकल्पिक है और किसानों को उनकी आवश्यकता एवं सहमति के आधार पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य कृषि लागत में कमी लाना तथा पोषक तत्वों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना है।
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने बताया कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। कोरिया जिले की जिल्दा सहकारी समिति में उर्वरक वितरण एवं भंडारण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित समिति प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उर्वरकों की उपलब्धता, परिवहन, भंडारण एवं वितरण की नियमित समीक्षा की जा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक किसान को समय पर आवश्यक खाद एवं कृषि आदान उपलब्ध हो तथा खेती-किसानी का कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो सके
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026
