रायगढ़/लैलूंगा। लैलूंगा पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों में महिलाओं एवं ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन सहित लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मरियम टोप्पो (67 वर्ष), निवासी इमलीपारा लैलूंगा, जो सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं, ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार 13 जून 2026 को वह अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपट ली। घटना के समय कुछ महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं।
मामले की सूचना मिलते ही बाजार में तैनात पुलिस टीम सक्रिय हुई। महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की सहायता से तत्काल एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक गिरी को भी हिरासत में लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने परिवार की अन्य महिला सदस्यों के साथ इको वाहन क्रमांक CG 30 J 8035 से बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से लैलूंगा पहुंचे थे और संगठित तरीके से बाजारों एवं मेलों में वारदातों को अंजाम देते थे।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जशपुर में दबिश देकर गिरोह की अन्य महिला सदस्य रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी एवं उर्मिला गिरी को हिरासत में लिया।
आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन (लॉकेट सहित), जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त इको वाहन (लगभग 5 लाख रुपये) तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जिले में साप्ताहिक बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं पर सख्त निगरानी जारी रहेगी।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026


