घरघोड़ा, रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र से वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चारमार गांव के पास एक जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वन विभाग ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का एक दल रेलवे ट्रैक के आसपास विचरण कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी की टक्कर से एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में हाथी के पैर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ। वन मंडल अधिकारी रायगढ़ के निर्देशन में उप वन मंडल अधिकारी आशुतोष पांडव एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल हाथी के इलाज के लिए चार डॉक्टरों और वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई।
हालांकि लगातार उपचार और निगरानी के बावजूद हाथी को बचाया नहीं जा सका। अधिकारियों के अनुसार चोट अत्यंत गंभीर थी। फॉरेस्ट एसडीओ घरघोड़ा आशुतोष मंडावा ने हाथी की मौत की आधिकारिक पुष्टि की।
स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बनाने वाली बात यह रही कि घायल हाथी के आसपास उसके दल के पांच अन्य हाथी भी मौजूद थे। इसे देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और ग्रामीणों से हाथियों के झुंड से दूरी बनाए रखने की अपील की।
इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्रों से गुजरने वाली रेलवे लाइनों पर वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हाथियों के पारंपरिक कॉरिडोर में बढ़ती मानवीय गतिविधियां और तेज रेल यातायात ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं।
फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार किया जा रहा है।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


