रायगढ़, 01 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2015 से फरार चल रहे बलवा एवं पुलिस टीम पर हमले के आरोपी हेमा राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा
जानकारी के अनुसार वर्ष 2015 में आरोपी हेमा राठिया अपने अन्य साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सीमो एवं मोटरसाइकिलों में सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई में लगे पुलिस बल के शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई तथा पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और शासकीय वाहन में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी।
कई आरोपी पहले गिरफ्तार, मुख्य आरोपी था फरार
घटना के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी लैलूंगा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 152/2015 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया, लेकिन हेमा राठिया लगातार फरार बना हुआ था।
11 साल बाद गांव लौटने पर पुलिस ने दबोचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि फरार आरोपी हेमा राठिया अपने ग्राम कुर्रा पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की नजर हर फरार आरोपी पर है। अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के लिए जिले में कोई सुरक्षित स्थान नहीं है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026


