“जनता की आवाज को बुलंद करने और निष्पक्ष पत्रकारिता को मजबूत करने का लिया संकल्प”
लैलूंगा (रायगढ़)। पत्रकारिता के मूल्यों, संगठन की मजबूती और जनहित की प्रतिबद्धता को केंद्र में रखते हुए प्रेस रिपोर्टर क्लब लैलूंगा द्वारा संगठन विस्तार एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में पत्रकारों ने समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पूरे आयोजन में संगठनात्मक एकता, पत्रकार सम्मान और जनसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व विधायक हृदयराम राठिया, प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश चौधवानी, संभाग सचिव पिंगल कुमार बघेल, जिलाध्यक्ष हिमांशु चौहान, लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव, जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाठिया, जिला सदस्य धनराज शर्मा, सरपंच नम्बर साय भगत, जिला सहसचिव धर्मेंद्र बानी एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य डोलनारायण पटेल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान संगठन विस्तार के तहत निलाम्बर पटेल (राज) को प्रेस रिपोर्टर क्लब रायगढ़ का जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं दिनेश कुमार पटेल (ब्लॉक उपाध्यक्ष), राकेश कुमार चौधरी (ब्लॉक सचिव), रवि किरण घोघरे (ब्लॉक सहसचिव), सुरेश प्रसाद गुप्ता (ब्लॉक कोषाध्यक्ष), श्रवण कुमार टण्डन (ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्य), रीमा बानी (ब्लॉक उपाध्यक्ष) एवं चित्रलेखा पटेल (ब्लॉक सदस्य) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रेस पहचान पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन रवि किरण घोघरे ने प्रभावशाली शैली में किया, जबकि अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं के साथ आत्मीय वातावरण में किया गया।
अपने उद्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि पत्रकार केवल समाचारों के वाहक नहीं बल्कि समाज के सजग प्रहरी होते हैं। निष्पक्षता, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा पत्रकारिता की पहचान है तथा इन्हीं मूल्यों के साथ संगठन को आगे बढ़ाना होगा।
प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में पत्रकारिता का स्वरूप बदला है, लेकिन उसका मूल उद्देश्य आज भी जनहित और सत्य को समाज के सामने लाना ही है। उन्होंने पत्रकारों से समाज और प्रशासन के बीच मजबूत संवाद सेतु बनने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक हृदयराम राठिया ने कहा कि कलम की शक्ति समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। वहीं थाना प्रभारी गिरधारी साव ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त चौथा स्तंभ बताते हुए ग्रामीण अंचलों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता का जन्मदिन केक काटकर उत्साह एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का समापन “सशक्त पत्रकार – सशक्त समाज” के प्रेरक संदेश के साथ हुआ, जिसने पत्रकारिता की गरिमा, एकता और जनसेवा के संकल्प को नई दिशा दी।


- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


