‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा
रायगढ़, 9 जुलाई। लगभग 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना साइबर और थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से KIA कार, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नकदी और अन्य सामान सहित कुल ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को “ऑपरेशन आघात” के दौरान उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की गई थी। इस कार्रवाई में करीब ₹1.50 करोड़ मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी XL-6, पांच मोबाइल फोन सहित लगभग ₹1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई थी। उस समय गिरफ्तार तीन आरोपियों ने पूछताछ में शुभम यादव को पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया था।
इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस ने आरोपी की तलाश में विशेष अभियान शुरू किया। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई।
8 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी तेज रफ्तार से भागने लगा, जिसके बाद सरहदी थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी की गई। अंततः लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29 वर्ष), निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। उसके कब्जे से KIA कार (CG-10 BE-5998), मोबाइल फोन, घड़ी, ₹3,000 नकद, वाहन की आरसी, चाबी और तीन एटीएम कार्ड सहित कुल ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 184/2026 में धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और वित्तीय लाभार्थियों की भी तलाश कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान
“रायगढ़ पुलिस एनडीपीएस के मामलों में केवल गांजा जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क, वित्तीय लाभार्थियों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।”
कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका:
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना साइबर प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, थाना लैलूंगा प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव तथा थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


