राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बड़ा फैसला, 1 अप्रैल के आधार पर तय होगी आयु, 3 महीने तक विशेष छूट मिलेगी
रायपुर, 09 जुलाई।
छत्तीसगढ़ शासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) और शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE-2009) के अनुरूप स्कूल प्रवेश व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी सरकारी, निजी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा पहली में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष निर्धारित कर दी गई है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
नई व्यवस्था के अनुसार, किसी भी शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए 1 अप्रैल को बच्चे की आयु को आधार माना जाएगा। सरकार का उद्देश्य बच्चों के फाउंडेशनल स्टेज को मजबूत बनाना और पूरे प्रदेश में प्रवेश प्रक्रिया को एक समान करना है।
अलग-अलग कक्षाओं के लिए आयु सीमा
1 नर्सरी (बालवाटिका-1): 3 वर्ष से अधिक एवं 4 वर्ष से कम
2 केजी-1 (बालवाटिका-2): 4 वर्ष से अधिक एवं 5 वर्ष से कम
3 केजी-2 (बालवाटिका-3): 5 वर्ष से अधिक एवं 6 वर्ष से कम
4 कक्षा पहली: 6 वर्ष से अधिक एवं 7 वर्ष से कम
3 महीने तक की विशेष छूट
राज्य सरकार ने अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण राहत भी दी है। यदि कोई बच्चा 1 अप्रैल तक निर्धारित आयु पूरी नहीं कर पाता, लेकिन 1 जुलाई तक आवश्यक आयु पूर्ण कर लेता है, तो उसे अधिकतम 3 महीने की विशेष छूट देकर संबंधित कक्षा में प्रवेश दिया जा सकेगा।
सभी स्कूलों में लागू होंगे नियम
यह व्यवस्था प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय (निजी) एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में समान रूप से लागू होगी। साथ ही RTE के तहत निजी विद्यालयों की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर होने वाले प्रवेशों में भी यही नियम प्रभावी रहेगा।
इन छात्रों को मिलेगी छूट
यदि कोई छात्र किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय की प्री-प्राइमरी कक्षा से उत्तीर्ण होकर कक्षा पहली में प्रवेश ले रहा है, तो उस पर नई आयु सीमा लागू नहीं होगी। ऐसे मामलों में छात्र के टीसी, अंकसूची अथवा स्कोर कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल समन्वयकों और सभी स्कूल प्रमुखों के माध्यम से नए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही अभिभावकों को जागरूक करने के लिए इन प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026


