कोरबा वन मंडल के करतला रेंज की घटना, क्षेत्र में दहशत का माहौल
कोरबा। जिले में हाथी-मानव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को कोरबा वन मंडल के करतला रेंज अंतर्गत पीडिया बीट में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीडिया गांव निवासी जहाज़ सिंह राठिया (55 वर्ष) 9 जुलाई की सुबह जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) बीनने गए थे। इसी दौरान उनका सामना जंगल में विचरण कर रहे एक जंगली हाथी से हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ग्रामीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग द्वारा आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और बिना आवश्यकता जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
इस घटना के बाद पीडिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों का जंगल जाना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, समय पर चेतावनी जारी करने तथा प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर हाथी-मानव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रभावी और स्थायी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी इस तरह की दुखद घटनाएं सामने आती रहेंगी।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


