पत्थलगांव। कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को पत्थलगांव पहुंचकर निर्माणाधीन जूदेव चौक एवं बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जूदेव चौक का विकास इस प्रकार किया जाए कि यह पत्थलगांव नगर की नई पहचान बने और आने वाले लोगों पर सकारात्मक छाप छोड़े। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पत्थलगांव बस स्टैंड से अंबिकापुर मार्ग पर लगभग दो किलोमीटर दूरी पर करीब 31.13 लाख रुपये की लागत से जूदेव चौक का निर्माण किया जा रहा है। चौक में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के समीप आकर्षक मिनी गार्डन विकसित किया जा रहा है। साथ ही आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, कलात्मक पेंटिंग, हरियाली एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से चौक को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
इसके बाद कलेक्टर ने समीप स्थित निर्माणाधीन बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 24 लाख रुपये की लागत से तालाब का विकास कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि जूदेव चौक और बीटीआई तालाब का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यह क्षेत्र स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा। साथ ही यह नगर में आने वाले पर्यटकों और आगंतुकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे पत्थलगांव की सुंदरता और पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पत्थलगांव ऋतुराज सिंह बिसेन, नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहम्मद जावेद खान, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलकांत श्रीवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026


