भकुर्रा हत्याकांड का खुलासा: दोस्त ने सिर और गर्दन पर वार कर की हत्या
रायगढ़, 16 जुलाई। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि मृतक का सबसे करीबी दोस्त ही उसका हत्यारा निकला। वैज्ञानिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सूझबूझ ने आरोपी तक पहुंचने में निर्णायक भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना लैलूंगा पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई। पुलिस ने आरोपी भुवनेश्वर यादव (26) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी गोरखनाथ चौहान ने सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव घर की परछी में पड़ा है। मृतक के सिर और गर्दन के पास भारी शील पत्थर मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। पोस्टमार्टम के साथ घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य, जिनमें एक गमछा भी शामिल था, जब्त किए गए।
जांच के दौरान डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। डॉग मास्टर वीरेन्द्र अनंत द्वारा पुलिस डॉग ‘रूबी’ को घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों के बीच ले जाया गया। रूबी ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव की ओर स्पष्ट संकेत दिए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखे भारी शील पत्थर से मृतक के सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए गए।
विवेचना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी गिरधारी साव, पूरी विवेचना टीम तथा पुलिस डॉग रूबी और डॉग मास्टर वीरेन्द्र अनंत की सराहना करते हुए उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच के लिए प्रतिबद्ध है। हत्या जैसे जघन्य मामलों में त्वरित विवेचना और अपराधियों को कानून के दायरे में लाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

