रायपुर, 18 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश एवं जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुँचाना सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी सेवाएँ बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएँ।
मुख्यमंत्री साय ने जलभराव वाले इलाकों में जलनिकासी की त्वरित व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं आवागमन बहाल करने तथा बिजली, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि आवश्यकता पड़ी तो अतिरिक्त संसाधन, राहत सामग्री और बचाव दल भी तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुँचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ बाढ़ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
- भारी बारिश का असर: छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आज बंद, CM साय ने दिए निर्देश - September 26, 2026
- भालूमार संकुल में प्रतिभाओं का संगम, ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने मचाई धूम - September 25, 2026
- गोमती साय को गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी - September 24, 2026

