रायगढ़। जिले के युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल की है। अब रायगढ़ के स्थानीय युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण पूरा होते ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
जिला प्रशासन ने जिले के प्रमुख खदान संचालकों और औद्योगिक संस्थानों का समन्वय शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के साथ कराया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उद्योगों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना, युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
इस महत्वाकांक्षी योजना में एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र, एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड तलईपल्ली, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड, जिंदल पावर लिमिटेड गारे पेलमा, जिंदल स्टील लिमिटेड गारे पेलमा और एनटीपीसी लारा जैसे बड़े औद्योगिक संस्थानों ने जिले के विभिन्न आईटीआई के साथ साझेदारी की है। इन संस्थानों के सहयोग से युवाओं को उद्योग आधारित व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं के लिए रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण ट्रेड शामिल किए गए हैं। इनमें एपेरल डिजाइन, कोपा, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, सिलाई, हाउसकीपिंग, रिसेप्शनिस्ट, होटल मैनेजमेंट असिस्टेंट, प्लास्टिक मोल्डिंग, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन तथा औद्योगिक हैवी मोटर व्हीकल ड्राइविंग जैसे पाठ्यक्रम संचालित होंगे। इसके अलावा युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एसईसीएल के सहयोग से एपेरल ट्रेनिंग एंड डिजाइन सेंटर (एटीडीसी) के माध्यम से एपेरल डिजाइन का प्रशिक्षण संचालित होगा। वहीं एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड द्वारा नेशनल स्किल डेवलपमेंट सेंटर रायपुर और सीआईपीटी कोरबा के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से स्थानीय युवाओं के कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को औद्योगिक संस्थानों में रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी, वहीं उद्योगों को भी अपनी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं का पलायन भी कम होगा।
जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक एवं पात्र युवाओं से अपील की है कि वे प्रशिक्षण, प्रवेश और पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए संबंधित शासकीय आईटीआई या संबंधित औद्योगिक संस्थान के अधिकृत अधिकारियों से सीधे संपर्क करें। विभिन्न संस्थानों के लिए संपर्क अधिकारी एवं मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया और प्रशिक्षण संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
रायगढ़ के युवाओं के लिए यह पहल केवल प्रशिक्षण का अवसर नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।
- भाजपा मंडल मुकड़ेगा ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती - July 30, 2026
- ग्राम कमरगा (सराईपारा) में भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा पूरा गांव - July 28, 2026
- सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिले पंख, हायर सेकेंडरी स्कूल नारायणपुर में साइकिल वितरण समारोह संपन्न - July 28, 2026

